दिल्ली के राजकीय विद्यालय में मनाया गया वार्षिकोत्सव
नई दिल्ली. मयूर विहार फेज-3 स्थित राजकीय बाल उच्च विद्यालय में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों के स्वागत के लिए रेड कार्पेट बिछाया गया, जिससे पूरे कार्यक्रम में उत्सव का माहौल देखने को मिला.
वार्षिकोत्सव के मौके पर छात्रों के माता-पिता को भी आमंत्रित किया गया था. कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें देखकर उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया.
कार्यक्रम के दौरान आयोजित डिजाइन वर्क प्रो-वोकेशनल आर्ट प्रतियोगिता में कक्षा छह के छात्र आदित्य बरनवाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। उनकी रचनात्मकता और कला कौशल की सभी ने सराहना की.
विद्यालय के प्राचार्य नवीन कुमार ने इस अवसर पर सभी मेधावी छात्रों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक के साथ प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया. उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
प्राचार्य नवीन कुमार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम का समापन उत्साह और उमंग के साथ हुआ.
