पटना महानगर के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से 5वीं बार लगातार विधायक बनने वाले नितिन नबीन भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए. उनके अध्यक्ष बनते ही नितिन नबीन ने नया रिकॉर्ड बनाया है. वे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने वाले सबसे युवा नेता हैं. उनकी उम्र 45 वर्ष है. उन्होंने अमित शाह के रिकॉर्ड को तोड़ा है. इससे पहले अमित शाह कम उम्र वाले पार्टी अध्यक्ष थे. वे 2014 में जब पार्टी अध्यक्ष बने थे, तब उनकी आयु 49 वर्ष 9 महीना था.
राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए नितिन नबीन के नाम का उद्घोष के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके स्वागत में जो कहा, वह सबके लिए बड़ा संदेश था. उन्होंने कहा कि लोगों को लगता है कि मैं तीन बार से देश का प्रधानमंत्री हूं लेकिन भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता होना मेरे लिए सबसे अधिक गर्व की बात है. और जब पार्टी के विषयों की आती है तो हमारे लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष नबीन जी मेरे भी बॉस हैं.
पहली बार 2021 में नीतीश कुमार सरकार में उन्हें मंत्री बनाया गया था. वर्तमान समय में वे नीतीश सरकार में पथ निर्माण विभाग, नगर विकास और आवास विभाग के मंत्री हैं. सिक्किम और छत्तीसगढ़ के चुनाव प्रभारी रहे. वे दो बार भाजयुमो के राष्ट्रीय महामंत्री रहे. कुल मिलाकर संगठन और सरकार दोनों का अनुभव नितिन नबीन के पास है. फिर भी, 45 वर्ष की पार्टी को 45 साल का अध्यक्ष मिलना सिर्फ आंकड़ा नहीं है, बल्कि यह नई पीढ़ी पर पार्टी के भरोसे और भविष्य की राजनीति की दिशा को भी दर्शाता है.
छात्र जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़कर नितिन नबीन ने अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की. विद्यार्थी परिषद से होते हुए वे भारतीय जनता युवा मोर्चा में आए. और फिर वर्ष 2006 में पिता नंदकिशोर सिन्हा के निधन होने पर मात्र 26 वर्ष की आयु में पिता के विधानसभा क्षेत्र बांकीपुर से पहली बार विधायक बने. उसके बाद, 2010, 2015, 2020 और 2025 यानि लगातार 5 बार विधायक चुने गए.
