रविवार को दूसरी बार बजट, खुलेगा शेयर बाजार

पटना. आमतौर पर शनिवार और रविवार को शेयर बाजार बंद रहता है. निवेशक छुट्टियों का आनंद लेते हैं लेकिन इस रविवार शेयर बाजार खुला रहेगा. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) ने स्पष्ट क दिया कि 1 फरवरी को बाजार सामान्य दिनों की तरह ही खुलेगा.

शेयर बाजार के इतिहास में ऐसा दूसरी बार होने वाला है कि शेयर बाजार रविवार के दिन भी सुबह 9 बजे प्री ओपन सेशन शुरू होगा और 9 बजकर 15 मिनट से लेकर दोपहर 3 बजकर 30 मिनट तक सामान्य ट्रेडिंग होगी. ऐसा इसलिए होगा क्योंकि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को सुबह 11 बजे लोकसभा में आम बजट पेश करेंगी.

बताते चलें कि इससे पहले वर्ष 1999 में यूनियन बजट रविवार के दिन ही पेश हुआ था. लोकसभा में जैसे जैसे वित्त मंत्री बजटीय भाषण के जरिए देश को जानकारी देंगी, शेयर बाजार में उस तरह का हलचल दिखाई देगा.

कमोडिटी मार्केट भी खुला रहेगा
रविवार के दिन बजट पेश होने के कारण, सिर्फ शेयर बाजार ही नहीं बल्कि कमोडिटी मार्केट (MCX) भी खुला रहेगा. एमसीएक्स ने भी साफ किया है कि एक फरवरी को सुबह के सेशन में कमोडिटी ट्रेडिंग होगी ताकि निवेशक बजट के उतार-चढ़ाव का फायदा उठा सकें. यानी सोना-चांदी और दूसरी कमोडिटी में भी बजट के असर को उसी दिन देखा जा सकेगा.

सीए गौतम बरनवाल की मानें तो इस बार के बजट में डिफेंस सेक्टर पर विशेष ध्यान रहने वाला है. इससे डिफेंस सेक्टर से जुड़ी पीएसयू और निजी कंपनियों को फायदा मिल सकता है. इसके अलावा रेलवे, रिन्यूएबल एनर्जी, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैन्युफैक्चरिंग और कंज्यूमर ड्यूरेबल जैसे सेक्टर्स भी चर्चा में रहेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *