समाज सेवा के लिए CORP IQ Venture की डायरेक्टर रजनी बरनवाल सम्मानित

पटना. समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए CORP IQ Venture Pvt Ltd की डायरेक्टर रजनी बरनवाल को बिहार वूमेन्स अचीवर अवार्ड, सीजन-02 से सम्मानित किया गया. पटना के होटल मोर्या में महिलाओं की उपलब्धियों और उनके सामाजिक योगदान को पहचान देने के उद्देश्य से आयोजित इस समारोह में बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा एवं कानून मंत्री संजय सिंह टाइगर, अति विशिष्ट अतिथि एमएलसी संजय मयूख तथा बिहार महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर ने कहा कि आज महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर आगे बढ़ रही हैं. महिलाओं को सम्मान और प्रोत्साहन देने वाले ऐसे आयोजन उनके योगदान को व्यापक पहचान देने का काम करते हैं. एमएलसी व बीजेपी नेता संजय मयूख ने कहा कि आज की महिलाएं शिक्षा, उद्यमिता, सामाजिक सेवा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं. महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व देश एवं समाज के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है.

बिहार महिला आयोग अध्यक्ष अप्सरा ने सम्मानित महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं को शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए समाज को सकारात्मक माहौल तैयार करना होगा. उन्होंने कहा कि जब महिलाओं को परिवार और समाज का सहयोग मिलता है तो वे अपनी प्रतिभा को बेहतर तरीके से सामने ला सकती हैं.

समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए CORP IQ Venture Pvt Ltd की डायरेक्टर रजनी बरनवाल को सम्मानित किया गया. व्यावसायिक जिम्मेदारियों के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ाव रखने वाली रजनी बरनवाल को यह सम्मान मिलना महिला नेतृत्व और सामाजिक प्रतिबद्धता के महत्व को भी रेखांकित करता है.

कार्यक्रम के आयोजक चंदन राज ने कहा कि बिहार वूमेन्स अचीवर अवार्ड का उद्देश्य उन महिलाओं को मंच और सम्मान देना है, जिन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से समाज और बिहार का नाम रोशन किया है. उन्होंने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाली महिलाओं की उपलब्धियों को सामने लाना समाज के लिए प्रेरणादायी है.

समारोह में मेडिकल, समाज सेवा, उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में डॉ. अमरीन खान, प्रसिद्ध समाजसेवी एवं लेखक किसलय किशोर सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे. मंच का संचालन एंकर शालिनी मिश्रा ने किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *