ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से समझा टाउनशिप के गुर
आईआईटीजीएनएल के इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप का बिहार प्रतिनिधिमंडल ने किया भ्रमण
ग्रेटर नोएडा. बिहार सरकार के शहरी विकास एवं आवास विभाग का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पहुंचा. प्रतिनिधिमंडल की तरफ से बताया गया कि बिहार में औद्योगिक टाउनशिप विकसित करने की योजना है. औद्योगिक टाउनशिप होने के नाते जानकारी प्राप्त करने ग्रेटर नोएडा आए हैं. बिहार से आए प्रतिनिधिमंडल में शहरी विकास एवं आवास विभाग के विशेष सचिव राजीव श्रीवास्तव, अतिरिक्त सचिव मनोज कुमार, अतिरिक्त सचिव विजय प्रकाश मीणा, म्यूनिसिपल कमिश्नर गया अभिषेक पलासिया, सहायक शहरी नियोजक सुपरवाइजर अनुपम सुनील, सहायक वास्तुकार सुमित रंजन, शहरी नियोजक वैभव भटनागर शामिल रहे.
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर जमीन अधिग्रहण से लेकर आवंटन तक की प्रक्रिया और नीतियों को जानकारी साझा की. इस बैठक में एसीईओ सुनील कुमार सिंह, एसीईओ प्रेरणा सिंह और एसीईओ सुमित यादव, महाप्रबंधक वित्त स्वतंत्र गुप्ता, प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा, ओएसडी नवीन कुमार सिंह, प्रबंधक अरविंद मोहन समेत वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे.
प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा और आईआईटीजीएनएल के इंफ्रास्ट्रक्चर, नियोजन, बिल्डिंग प्लान, आवंटन प्रक्रिया समेत तमाम पहलुओं पर जानकारी प्राप्त की. प्राधिकरण के भूलेख विभाग की तरफ से जमीन अधिग्रहण की सभी धाराओं, किसानों को दिए जाने लाभ आदि की जानकारी दी। नियोजन विभाग की तरफ से मास्टर प्लान, सेक्टर ले-आउट, बिल्डिंग बायलॉज, बसावट आदि से जुड़े नियमों व प्रक्रिया से अवगत कराया गया. परियोजना विभाग ने ग्रेटर नोएडा के इंफ्रास्ट्रक्चर के बारे में जानकारी दी. वित्त विभाग के महाप्रबंधक स्वतंत्र गुप्ता ने वित्तीय मॉड्यूल प्रस्तुत किया.
प्राधिकरण को स्ववित्त पोषित बनाने की प्रक्रिया को समझाया गया. प्राधिकरण के उद्योग विभाग के प्रबंधक अरविंद मोहन सिंह ने ग्रेटर नोएडा में लागू औद्योगिक नीतियों, योजनाओं और आवंटन प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी. प्रतिनिधिमंडल ने आईआईटीजीएनएल के इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप का भ्रमण भी किया. टाउनशिप के प्लग एंड प्ले सिस्टम, वेस्ट प्रोसेसिग प्लांट, बिजली-पानी की 24 घंटे उपलब्धता के बारे में जानकारी प्राप्त की. प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा और आईआईटीजीएनएल के इंफ्रास्ट्रक्चर को सराहा. यहां से प्राप्त जानकारी को बिहार के शहरी विकास एवं आवास विभाग की तरफ से पॉलिसी बनाने और इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए बेहद उपयोगी बताया.
