बिहार में एक करोड़ घरों तक पहुंचा संघ

पटना. अपने स्थापना के शताब्दी वर्ष में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बिहार के एक करोड़ घरों तक पहुंच गया है. व्यापक गृह संपर्क कार्यक्रम में संघ के स्वयंसेवकों ने 84 लाख घरों में संघ साहित्य और पत्रक देकर संवाद और संपर्क स्थापित किया. संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित हिंदू सम्मेलन में अब तक 10 लाख 41 हजार 324 नागरिक उपस्थित हो चुके हैं जबकि हिंदू सम्मेलन का कार्यक्रम अभी जारी है. यह जानकारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर-पूर्व क्षेत्र (बिहार-झारखंड) के क्षेत्र कार्यवाह डॉ. मोहन सिंह तथा दक्षिण बिहार प्रांत के संघचालक राजकुमार सिन्हा ने विश्व संवाद केंद्र में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी.

हरियाणा के समालखा में 13 से 15 मार्च तक आयोजित तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक को लेकर जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखाओं में निरंतर विस्तार हो रहा है। देशभर में 55,683 स्थान पर 88,949 शाखाएं लग रही है. गत एक वर्ष में 3943 नए स्थान जुड़े और शाखाओं की संख्या में 5820 की वृद्धि हुई है. अगर बिहार की बात की जाए तो उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार में गत वर्ष 2308 दैनिक शाखाएं लगती थी. इस वर्ष उनकी संख्या बढ़कर 2575 हो गई है. इसी प्रकार साप्ताहिक मिलन की संख्या भी 850 से बढ़कर 1,076 तथा संघ मंडली की संख्या 272 से बढ़कर 356 हो गई है.

प्रतिनिधि सभा की बैठक में बांग्लादेश की सरकार से अपेक्षा व्यक्त की गई कि वहां की नई सरकार हिन्दू हितों एवं मानवाधिकार की रक्षा करेगी. सभा ने इस बात पर हर्ष व्यक्त किया कि माओवादी हिंसा पर बहुत नियंत्रण हुआ है. मणिपुर में नई सरकार बनने से वहां शांति स्थापित हुई है. चट्टग्राम पर्वत शृंखला से सटा हुआ कारबुक विकास खंड जनजाति बहुल है. गत वर्ष वहां 8 स्थानों पर रथ यात्रा का आयोजन हुआ. वहां 25000 जनसंख्या में 8000 लोग एकत्रित हुए.यह हिन्दू संस्कृति के बढ़ते आवेग को दर्शाता है.

संघ शताब्दी वर्ष पर सालोभर चलने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत 2 अक्टूबर, 2025 को नागपुर में हुआ. देशभर में अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के भीतर पंच परिवर्तन के व्यापक लक्ष्य के लिए वातावरण बन रहा है. पंच परिवर्तन में सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण चेतना, स्व एवं स्वदेशी के लिए गर्व, परिवार व्यवस्था के संरक्षण तथा नागरिक कर्तव्यों के लिए जागरुकता को सम्मिलित है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *